झबरेड़ा । झबरेड़ा थाना क्षेत्र के सुनहेटी गांव में चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी को पेड़ से बांधे जाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले गांव के एक किसान के घर से सरसों की बोरी चोरी हो गई थी। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी घटना कैद हो गई थी, जिसके आधार पर किसान आरोपी की तलाश में जुटा हुआ था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को दो युवक उसी किसान के घर सरसों बेचने पहुंचे। किसान ने जब उनका हुलिया सीसीटीवी फुटेज से मिलाया तो उसे शक हो गया। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को बुलाकर दोनों युवकों की घेराबंदी कर दी। इस दौरान एक युवक मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी फरार होने में सफल रहा।
ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को पुलिस के आने तक पेड़ से बांध दिया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने युवक को खोल दिया।
सूत्रों के मुताबिक पकड़ा गया युवक मोलना गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
स्वास्थ्य संवाद एवं रक्तदान शिविर में पीआरएसआई देहरादून चैप्टर का सम्मान
कोरोनेशन अस्पताल की बदहाली पर भड़के डीएम डॉ. आशीष चौहान, औचक निरीक्षण के दौरान आईसीयू में बंद मिला AC, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अनधिकृत डंपिंग व मानकविहीन प्लांटों पर होगी कड़ी कार्रवाई – डीएम डॉ. आशीष चौहान