8 March 2026

निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण गढ़वाल मंडल डॉ. सीपी त्रिपाठी का दो दिवसीय उत्तरकाशी दौरा, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश

उत्तरकाशी : निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, गढ़वाल मंडल डॉ. सी. पी. त्रिपाठी द्वारा जनपद उत्तरकाशी में दो दिवसीय भ्रमण किया गया। 09 दिसंबर को जिला सभागार उत्तरकाशी में स्वास्थ्य विभाग उत्तरकाशी द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आयोजित बैठक में निदेशक गढ़वाल मंडल द्वारा प्रतिभाग किया गया। बैठक में उन्होंने राष्ट्रीय कार्यक्रमों/योजनाओं की प्रगति की गंभीर समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु इमोशनल डायमेंशन एवं कल्चरल डायमेंशन को स्वास्थ्य प्रणाली में शामिल करते हुए चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही वित्तीय वर्ष की आरओपी के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि का समयबद्ध एवं लक्ष्यित व्यय सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश प्रदान किए। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सहित सभी प्रमुख स्वास्थ्य सूचकांकों को बेहतर करते हुए जनस्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर बल दिया।

आज बुधवार को निदेशक गढ़वाल मंडल द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी. एस. पोखरियाल के साथ जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर करने, आवश्यक औषधियों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विभिन्न वार्डों—जनरल वार्ड, आईसीयू, सीसीयू, इमरजेंसी, पैथोलॉजी लैब, चंदन लैब, आयुष्मान हेल्प डेस्क एवं जन औषधि केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षणोपरांत प्रमुख अधीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में जिला चिकित्सालय में 14 विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात हैं तथा एक्स-रे, सीटी स्कैन, इको एवं यूएसजी सहित सभी प्रमुख मशीनें पूर्ण रूप से क्रियाशील हैं और आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

निदेशक गढ़वाल मंडल द्वारा उपस्थित सभी चिकित्सकों के साथ बैठक कर यह निर्देशित किया गया कि आमजन के प्रति संवेदनशीलता एवं मधुर व्यवहार अपनाते हुए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत, प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी. एस. पोखरियाल सहित सभी चिकित्सा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

You may have missed