1 April 2026

BJP के पूर्व मंडल महामंत्री प्रीतम चौहान का सड़क हादसे में निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

चकराता/खबोऊ : भारतीय जनता पार्टी क्वासी मंडल के पूर्व महामंत्री और सामाजिक कार्यकर्ता प्रीतम चौहान का एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। वे मात्र 36 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार वे अपने गांव खबोऊ से चकराता की ओर एक बैठक में शामिल होने के लिए निकले थे, लेकिन जस्टा गांव के पास उनकी बुलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में शोक की लहर फैल गई। स्थानीय लोग, परिजन और पार्टी कार्यकर्ता घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, प्रीतम अकेले ही सफर कर रहे थे। यह दुर्घटना डामटा-गोरा घाटी मोटर मार्ग पर घटी, जो पहले से ही खतरनाक माना जाता रहा है।

प्रीतम चौहान खबोऊ गांव के निवासी थे और गांव के स्याणा व पूर्व प्रधान रतन सिंह के चार बेटों में से दूसरे नंबर पर थे। प्रीतम न केवल भाजपा में सक्रिय थे, बल्कि गांव की सामाजिक गतिविधियों में भी हमेशा अग्रणी भूमिका निभाते थे। अपने कार्यकाल में उन्होंने क्वासी मंडल के महामंत्री रहते हुए कई लोगों को पार्टी से जोड़ने का कार्य किया और पार्टी को गांव-गांव तक पहुंचाया।

इस हृदयविदारक हादसे पर अनेक नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की अपूरणीय क्षति बताया है।

You may have missed