गोपेश्वर (चमोली)। 38वें राष्ट्रीय खेलों की मशाल ‘‘तेजस्विनी’’ का जनपद चमोली की प्रवेश सीमा ग्वालदम पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। सीमांत जनपद में मशाल तेजस्विनी के पहुंचने पर लोगों में भारी उत्साह दिखा। ग्वालदम में आईटीबीपी बैंड की अगुवाई में राजकीय आदर्श इण्टर कॉलेज के छात्रों, स्थानीय जनता, खिलाड़ी और खेल प्रेमियों ने ग्वालदम बाजार में विशाल रैली निकाली और लोगों को राष्ट्रीय खेल में जोड़ने के लिए प्रेरित किया। रैली में ‘देवभूमि बनेगी खेल भूमि’ और ’संकल्प से शिखर तक’ स्लोगन एवं नारों के साथ मशाल का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। मशाल तेजस्विनी और शुभंकर मौली के साथ लोगों ने खूब फोटो और सेल्फियां खींचीं। उत्तराखंड राज्य में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को लेकर सीमांत जनपद चमोली में हर्षोल्लास और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
चमोली जनपद की प्रवेश सीमा ग्वालदम में जिला क्रीड़ाधिकारी बागेश्वर किरन ने मशाल जिला क्रीड़ाधिकारी चमोली गिरीश कुमार को सौंपी। परियोजना निदेशक आनंद सिंह ने ग्वालदम में प्रचार बैन और मशाल का अनावरण किया और हरी झंडी दिखाकर मशाल रैली को जनपद मुख्यालय गोपेश्वर के लिए रवाना किया। उत्तराखंड 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी कर रहा है। राष्ट्रीय खेलों को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मशाल रैली सभी जनपदों में जा रही है और नौ जनवरी को चमोली पहुंची है। मशाल तेजस्विनी गुरुवार को थराली, कर्णप्रयाग होते हुए शाम को जनपद मुख्यालय गोपेश्वर पहुंचेगी। राष्ट्रीय खेलों के प्रोत्साहन और प्रचार प्रसार के लिए गोपेश्वर पुलिस मैदान में 10 जनवरी को प्रातः 11 से दो बजे तक भव्य पाण्डवाज शो का आयोजन रखा गया है। अगले दिन 11 जनवरी को गौचर में मशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर परियोजना निदेशक आंनद सिंह, जिला क्रीडा अधिकारी गिरीश कुमार, डीईओ पीआरडी दीपक बिष्ट, आईटीबीपी इंस्पेक्टर मोहन सिंह, नारायण सिंह नेगी, आईटीबीपी के जवानों सहित खेल विभाग के अधिकारी, खेल प्रेमी, खिलाड़ी, विद्यालयों की छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय जनता मौजूद थी।

More Stories
अराईयांवाला, हरियाणा में श्री गुरु राम राय जी महाराज के जयकारों से निहाल हुई संगतें, श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने मेले की तैयारियों को लेकर मेला संचालन कमेटी को जारी किए आवश्यक दिशा निर्देश
मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का खेल, ड्रग विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2.66 लीटर कोडीन सिरप समेत ट्रामाडोल व अल्प्राजोलाम बरामद, संचालक गिरफ्तार ……..
अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए की बड़ी चोट, डोईवाला में मारखम ग्रांट से खेरी तक एमडीडीए का एक्शन, 77 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला दिया बुलडोजर