कोटद्वार । महानगर कांग्रेस एवं जिला यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह द्वारा महिला सेना अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के प्रति की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी के खिलाफ ज़बरदस्त आक्रोश नजर आ रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता मंत्री पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। इस क्रम में शुक्रवार को कोटद्वार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने झंडाचौक पर प्रदर्शन करते हुए मंत्री विजय शाह का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान मुर्दाबाद, देश की बेटियों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, भाजपा मंत्री विजय शाह मुर्दाबाद आदि नारे लगाते हुए मंत्री विजय शाह की टिप्पणी को देश की एकता और बेटियों के सम्मान पर हमला बताया। कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी जैसे जांबाज सैनिक देश का गौरव हैं, जिनका अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल ने कहा कि यह टिप्पणी न केवल सेना में सेवा देने वाली बेटियों का अपमान है, बल्कि इससे भारतीय सेना के मनोबल को भी ठेस पहुंचा है। कहा कि अब तक मंत्री पर कोई कार्रवाई न होना दर्शाता है कि सरकार ऐसे बयानों को मौन समर्थन दे रही है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुतले को आग के हवाले कर दिया। पुतला दहन करने वालों में कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय रावत, महावीर सिंह रावत, पूर्व राज्य मंत्री विजय नारायण, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन खर्कवाल, प्रदेश सचिव गणेश नेगी, प्रदेश महासचिव बृजपाल सिंह नेगी और महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सुधा असवाल सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
More Stories
नगर पालिका परिषद रामनगर की अनोखी पहल बनी देश के लिए मिसाल, किचन वेस्ट से गौ माताओं का पोषण …………
हाईकोर्ट की सख्ती : देहरादून नगर निगम में होर्डिंग-यूनिपोल घोटाले की होगी जांच, कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर की याचिका पर राज्य सरकार से मांगा जवाब
लोक निर्माण विभाग ने मानसून में लगाई कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक, अधिकारियों को क्षेत्र में रहना अनिवार्य