रुद्रपुर : प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अनियंत्रित रफ्तार और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी के चलते हर दिन कीमती जानें जा रही हैं। रुद्रपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। पिथौरागढ़ से मुरादाबाद जा रही स्कॉर्पियो पुलभट्टा थाना क्षेत्र के शंकर फार्म के पास अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9:45 बजे हादसे की सूचना मिली। पुलभट्टा थाना क्षेत्र के NH-74 पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में बबीता नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सभी घायलों को किच्छा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चार घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतका बबीता अपने पति और अन्य परिजनों के साथ मायके मुरादाबाद जा रही थी। हाल ही में उनके भाई का निधन हुआ था, जिसके बाद वह अपने परिवार से मिलने जा रही थीं। लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

More Stories
मुख्यमंत्री धामी ने एमडीडीए की 17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारी बैंक की खुलेंगी 34 नई शाखाएं, सहकारी बैंकों के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में मिलेंगी बैंकिंग सेवाएं – धन सिंह
फिजियोथेरेपिस्टों की रिक्तियों पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल से मिला प्रतिनिधिमंडल, शीघ्र भर्ती की उठाई मांग