21 April 2026

उत्तराखंड मौसम अपडेट : दो दिन के लिए भारी बारिश का अलर्ट, आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

देहरादून : मौसम विभाग ने राज्य में आज 10 और कल 11 अप्रैल को भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। इसको देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने सभी ज़िलाधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर ज़िलों में तेज़ बारिश, बिजली गिरने और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल और हरिद्वार ज़िलों में यह रफ्तार 60-70 किमी/घंटा तक पहुँच सकती है।

राज्य के सभी ज़िलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में निम्नलिखित सावधानियां सुनिश्चित करने को कहा गया है:

  1.  जिला स्तर पर कंट्रोल रूम को सक्रिय रखते हुए राहत व बचाव कार्यों की तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
  2. किसी भी आपदा/दुर्घटना की स्थिति में तुरंत कार्रवाई और सूचना का आदान-प्रदान किया जाए।
  3. सभी विभागों के नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा जाए।
  4. NH, PWD, BRO, PMGSY आदि को निर्देशित किया गया है कि मोटर मार्गों की निगरानी करें और तुरंत मरम्मत के कार्य करें।
  5. ग्राम पंचायत, राजस्व उपनिरीक्षक और विकास अधिकारी अपने क्षेत्रों में सतर्क रहें।
  6. पुलिस चौकियों को आपदा से निपटने हेतु आवश्यक उपकरणों व वायरलैस से लैस किया जाए।
  7. आपदा काल में अधिकारियों/कर्मचारियों की छुट्टियाँ रद्द की जाएं।
  8. संवेदनशील क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी जाए और ज़रूरत पड़ने पर प्रतिबंध लगाया जाए।
  9. लोगों के फंसे होने की स्थिति में राहत सामग्री और मेडिकल सुविधा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
  10. स्कूलों में भी एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
  11. उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगाने को कहा गया है।
  12. जनसंचार माध्यमों और सोशल मीडिया के ज़रिए आम जनता को नियमित रूप से सूचना दी जाए।
  13. संवेदनशील मार्गों पर पूर्व में ही वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

आपदा प्रबंधन विभाग ने किसी भी आपात स्थिति में संपर्क करने के लिए कंट्रोल रूम नंबर भी साझा किए हैं-0135-2710335, 0135-2710334, टोल फ्री: 1070, मोबाइल: 9058441404, 8218867005।

 

You may have missed