कोटद्वार/पौड़ी : जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार देर सायं विकासखंड दुगड्डा अंतर्गत आमसौड़ गांव का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि भूस्खलन की चपेट में आने वाले परिवारों को पहले से ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाय।
गौरतलब है कि बीते वर्षों में आमसौड़ गांव में हुए भूस्खलनों के चलते कई घरों को क्षति पहुंची थी। हालांकि जिला प्रशासन की तत्परता से ग्रामीणों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया था। जिलाधिकारी ने स्थल का निरीक्षण करते हुये अधिकारियों से कहा कि मानसून सीजन से पहले भूस्खलन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने भूस्खलन से बचाव हेतु सुरक्षा दीवार निर्माण करने को भी कहा।
उन्होंने निर्देश दिये कि तेजी से बहने वाले पानी के बहाव को चैनलाइज किया जाय, साथ ही संकटग्रस्त घरों को चिन्हित करके उनमें रहने वाले लोगों के विस्थापन की व्यवस्था की जाय। साथ ही जिलाधिकारी ने तहसीलदार कोटद्वार को प्रभावित हो रहे लोगों को तंबू देने, उन्हें सुरक्षित स्थलों पर ले जाने हेतु भविष्य की कार्ययोजना बनाने तथा अतिरिक्त चेकडैम बनाने के भी निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष पेयजल संकट की समस्या भी रखी। इस पर जिलाधिकारी ने पेयजल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध करायी जाय। साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत से समन्वय बनाने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता पेयजल निगम कोटद्वार आशीष मिश्रा, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

More Stories
विरासत के संरक्षण के साथ होगा देहरादून का सुनियोजित विकास
देवप्रयाग के मेधावी छात्रों से मिले यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, साथ में खिंचवाई सेल्फी, छात्रों को प्रदान किए बैग
देहरादून रोजगार मेले में 249 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित, अब तक 12 लाख से अधिक युवा लाभान्वित