गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला पंचायत के अध्यक्ष पद की कुर्सी को लेकर अब तमाम लोगों की ओर से दावेदारी आने लगी है। जिला पंचायत अध्यक्ष का पद अनारक्षित होने के चलते तमाम दावेदार अब समर्थन जुटाने को आगे आने लगे है। पोखरी ब्लॉक के अधीन थालाबैड वार्ड के जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र राणा तथा रानौ वार्ड के जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह खत्री ने पहले ही अपनी दावेदारी जता दी थी। दोनों सदस्य निर्दलीय अध्यक्ष पद को लेकर ताल ठोक गए है। इन सदस्यों की दावेदारी के बाद कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने भी अपनी दावेदारी जता दी है। दशोली ब्लॉक के अधीन देवर खडोरा वार्ड के सदस्य जयप्रकाश सिंह पंवार, पिंलग वार्ड के युवा तुर्क विपिन फरस्वाण, देवाल ब्लॉक के अधीन हाट कल्याणी वार्ड की सदस्य व पूर्व ब्लॉक प्रमुख उर्मिला बिष्ट ने भी ताल ठोंक दी है।
बताया तो यह भी जा रहा है कि नारायणबगड़ ब्लॉक के अधीन विनायक वार्ड के दूसरी बाद निर्वाचित सदस्य प्रदीप बुटोला ने भी दावेदारी जता दी है। इस तरह कांग्रेस में भी चार लोगों की दावेदारी सामने आने से कांग्रेस के रणनीतिकार पशोपेश में फंस गए है। यह अलग बात है कि सभी दावेदार निर्दलियों से समर्थन जुटाने में लग गए है। वर्ष 2022 में कर्णप्रयाग विधान सभा क्षेत्र से कांग्रेस का टिकट न मिलने पर बगावत कर गए गैरसैण ब्लॉक के कोठा वार्ड के नवनिर्वाचित सदस्य सुरेश कुमार बिष्ट की भी दावेदारी सामने आई है। चर्चा है कि गैरसैण ब्लॉक के ही अंद्रपा वार्ड से जीते जगदीश सिंह ने भाजपा से दावेदारी जतानी शुरू कर दी है।
नंदानगर ब्लॉक के मटई वार्ड से निर्दलीय दौलत सिंह कुंवर की दावेदारी को लेकर सियासत गरम हो चुकी है। इसी तरह जोशीमठ ब्लॉक उर्गम वार्ड से निर्दलीय रमा देवी की दावेदारी ने सियासी हलकों में खलबली मचा दी है। अब कांग्रेस तथा भाजपा के सामने दावेदारों के नाम फाइनल करने मुश्किल हो गए है। वह भी तब जबकि भाजपा समर्थित सदस्यों की संख्या चार और कांग्रेस की 6 है। बाकी 16 निर्दलीय ही अब किसी भी प्रत्याशी के लिए किंगमेकर बनने जा रहे है। फिलहाल तो निर्दलियों का पलडा भारी होने के चलते सियासत में हलचल मची है। यह अलग बात है कि कांग्रेस और भाजपा के दावेदार सेंधमारी कर सदस्यों की गोलबंदी में जुट गए है।

More Stories
बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण पर एमडीडीए की कार्रवाई, दो प्लेटफार्म सील
एसएसपी दून की दो टूक, पढाई की आड में हुडदंग नहीं होगा बर्दाश्त
मातृशक्ति का आशीर्वाद ही उत्तराखंड की सेवा की सबसे बड़ी प्रेरणा – मुख्यमंत्री धामी