गोपेश्वर (चमोली)। दशोली ब्लॉक के खल्ला गांव की सती शिरोमणि अनसूया देवी मंगलवार को केदारनाथ के प्रवास पर रही। इस दौरान देवडोली ने विभिन्न देवी देवताओं के मंदिरों में पहुंचकर कुशल क्षेम जानी।
दरअसल खल्ला गांव की अनसूया देवी की रथ डोली 51 वर्षों बाद देवरा यात्रा पर निकली है। इसके तहत केदारनाथ धाम पहुंची अनसूया देवी ने केदारनाथ मंदिर पहुंचकर प्रवास किया। इस अवसर पर देश विदेश के सैकड़ों तीर्थयात्रियों ने अनसूया देवी के जयकारों से देवडोली का स्वागत सत्कार किया। अनसूया देवी ने सभी तीर्थयात्रियों को खुशहाली का आशीर्वाद दिया। केदारनाथ धाम में देवडोली स्वर्गारोहणी भी पहुंची। इस दौरान देव डोली ने पवित्र स्नान किया। भारी बर्फवारी के बीच देवडोली भैरवनाथ मंदिर भी पहुंची और भैरवनाथ जी की कुशल क्षेम पूछी। इस दौरान मां अनसूया की रथडोली को पंडा पुरोहितों ने प्रवास का न्यौता दिया। इसके चलते देवडोली पंडा पुरोहितों की इच्छा के अनुरूप वहीं प्रवास पर रही।
मंगलवार को गढ़वाल मंडल विकास निगम के आग्रह पर देवडोली केदारनाथ के ही प्रवास पर रही। इस दौरान विभिन्न प्रांतों से केदारनाथ की यात्रा पर आए श्रद्धालुओं ने भी अनसूया देवी की पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की मनौती मांगी। इस दौरान देवरा यात्रा समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी, खल्ला के प्रधान कमल सिंह नेगी, पं. आचार्य डा. चंद्रशेखर तिवारी, आशुतोष बिष्ट, मनोज बिष्ट, सुबोध बिष्ट, जीतेंद्र बिष्ट, राहुल बिष्ट, हरेंद्र बिष्ट, मुकेश बिष्ट आदि देवडोली के साथ मौजूद रहे।

More Stories
कोरोनेशन अस्पताल की बदहाली पर भड़के डीएम डॉ. आशीष चौहान, औचक निरीक्षण के दौरान आईसीयू में बंद मिला AC, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अनधिकृत डंपिंग व मानकविहीन प्लांटों पर होगी कड़ी कार्रवाई – डीएम डॉ. आशीष चौहान
भारतीय सेना के 31वें प्रमुख बने जनरल धीरज सेठ, पिता को सैल्यूट कर निभाई परंपरा