25 April 2026

राज्यपाल ने किए भगवान बदरीविशाल के दर्शन

गोपेश्वर (चमोली)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह ने भगवान बदरीविशाल के दर्शनों का पुण्य लाभ अर्जित कर देश और राज्यवासियों की सुख समृद्धि की मनौती मांगी। मंगलवार को राज्यपाल बदरीनाथ धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर विशेष पूजा में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने देश तथा प्रदेशवासियों की खुशहाली की मनौती मांगी।

हेलीपैड पर जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने राज्यपाल का स्वागत किया। राज्यपाल को पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने चारधाम व्यवस्थाओं पर चमोली जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि यहां पर पुलिस प्रशासन और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के बीच यात्रा को लेकर बेहतर समन्वय देखने को मिला है। उन्होंने यात्रा में लगे मंदिर समिति, पंडा, पुरोहित, पुलिस फोर्स और प्रशासन के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी तथा यात्रा संपादित करने के लिए इसी तरह कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यहां पर उन्हें बहुत ही दिव्य अनुभव हुआ है।  सभी के चेहरे में एक अलग ही प्रसन्नता देखने को मिल रही है। इससे कि वह  अभिभूत हो उठे हैं। उन्होंने सभी भारतीयों समेत विश्व के लोगों से बदरीनाथ भगवान के दर्शनों का पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया। चमोली जिला प्रशासन से आगे भी यात्रा में इसी तरह व्यवस्थाओं को सुचारू रखने को कहा। इससे आने वाले तीर्थंयात्रियों को सुगमता से भगवान बदरी विशाल के दर्शनों का पुण्य लाभ मिल सकेगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने महामहिम को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट किया।

इस दौरान बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष अजेंद्र अजय, उपाध्यक्ष ऋषिप्रसाद सती, पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी, जोशीमठ के उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, बीकेटीसी के प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, नगर पंचायत बदरीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

You may have missed