रुद्रप्रयाग। लोकपर्व इगास-बग्वाल के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को रुद्रप्रयाग जनपद के वसुकेदार तहसील अंतर्गत आपदा प्रभावित ग्राम भौंर पहुँचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से भेंटवार्ता की, राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रभावितों के साथ मध्यान्ह भोजन भी साझा किया।
मुख्यमंत्री ने आपदा में जान गंवाने वाले कुलदीप सिंह नेगी (वन श्रमिक) एवं सते सिंह के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से पाँच-पाँच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत और पुनर्निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरे किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आपदा-संवेदनशील है, इसलिए सरकार ने आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएँ
- भौंर क्षेत्र में स्थायी हेलीपैड का निर्माण।
- ग्राम भौंर में नया आंगनवाड़ी केंद्र स्थापित किया जाएगा।
- गांव तक दोपहिया वाहन आवागमन हेतु मोटर मार्ग निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत।
- छेनागाड़ बाजार को पुनर्जीवित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
- आपदा में आवास खो चुके परिवारों के विस्थापन व क्षतिग्रस्त वाहनों के मुआवजे की योजना बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत कार्यों में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बरतना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत सहायता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी के आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे त्वरित राहत प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक भरत चौधरी, जिलाधिकारी प्रतीक जैन, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, एडीएम श्याम सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित तहसील प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

More Stories
चारधाम यात्रा को मिलेगी नई मजबूती, रुद्रप्रयाग के रतूड़ा में बनेगा आधुनिक राज्य अतिथि गृह – सचिव राज्य संपत्ति डॉ. आर राजेश कुमार
धामी सरकार का भ्रष्टाचार पर सर्जिकल स्ट्राइक, हरिद्वार भूमि घोटाले में बड़ा प्रहार, 10 पर मुकदमा, पूर्व नगर आयुक्त की बर्खास्तगी की संस्तुति
एमडीडीए का बड़ा एक्शन : सहसपुर के कल्याणपुर में 50 बीघा की अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले- अवैध कॉलोनियां किसी भी कीमत पर नहीं होंगी बर्दाश्त