चमोली। देशभर में मकर संक्रांति का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड के चमोली जनपद स्थित पंच बद्री तीर्थों में से एक भगवान आदिबद्री धाम के कपाट आज मकर संक्रांति के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। ब्रह्म मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ कपाट खोले गए, जिसके बाद मंदिर परिसर जय बद्री विशाल के उद्घोष से गूंज उठा।
मुख्य पुजारी चक्रधर थपलियाल ने बताया कि कपाट खुलने से पूर्व भगवान विष्णु का पंच स्नान, महाभिषेक और भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात पंच ज्वाला आरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान नारायण के दर्शन किए। इस विशेष अवसर पर आदिबद्री धाम मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया।
पौष माह में बंद रहने के बाद अब अगले 11 महीनों तक श्रद्धालु आदिबद्री धाम के दर्शन कर सकेंगे। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा, जिससे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।

More Stories
राजपुर रोड के वीआईपी इलाके में एमडीडीए का बड़ा प्रहार, तीन अवैध डुप्लेक्स सील, नक्शा स्वीकृत कराए बिना चल रहा था निर्माण, हुई कार्रवाई
निदेशालय स्तर पर भी होगा बीमार शिक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण – डाॅ. धन सिंह रावत
हरिद्वार में खुला उत्तराखंड का पहला “हिलांस” रिटेल आउटलेट, महिला समूहों के उत्पादों को मिलेगा स्थायी बाजार