नेपाल बॉर्डर : भारत-नेपाल सीमा से लगे नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। झूलाघाट कस्बे के सामने नेपाली क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना में बारातियों से भरी बस करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस गुरुवार रात बैतड़ी जिले की पुरचूंणी नगरपालिका क्षेत्र के भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुड़ा जा रही थी। इसी दौरान पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ के पास बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (APF), नेपाल प्रहरी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रात के अंधेरे में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि हादसे में छह बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल में और दो ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान केशव राज जोशी (40), अशोक राज जोशी (13), बसंत राज जोशी, बिष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17), दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46) — सभी निवासी बजांग जिले के बित्थडचीर गांव पालिका क्षेत्र — के रूप में हुई है। इसके अलावा मोहन देव भट्ट (60) और केशव भट्ट (27) निवासी केदारस्यु गांव पालिका, बसंत राज रतला (40) निवासी जय पृथ्वी नगर पालिका-7, पुष्पा अवस्थी (40) निवासी बैतड़ी पुरचूंणी नगरपालिका-7 और सुशील जोशी, पुरचूंणी नगरपालिका निवासी भी हादसे में मारे गए।
घायलों का इलाज डडेलधुरा अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ बारातियों को बेहतर उपचार के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है। हादसे में बस चालक विरेंद्र बुढा, निवासी भीमदत्त नगरपालिका-7, कंचनपुर, को सामान्य चोटें आई हैं। उसे उपचार के बाद प्रहरी ने अपने नियंत्रण में ले लिया है। प्रहरी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण बस का ओवरलोड होना बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक भार के कारण बस चढ़ाई पर संतुलन खो बैठी और खाई में गिर गई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

More Stories
नंदादेवी राजजात यात्रा मार्ग के कार्यों को जल्द किया जाएगा पूरा – डीएम गौरव कुमार
औली विंटर कार्निवल : बर्फीली ढलानों पर पहली बार दिखेगा संस्कृति का संगम
परिवार रजिस्टरों की जांच में लापरवाही बर्दाश्त नहीं