16 March 2026

डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने जनता मिलन में सुनीं जनसमस्याएं, कई शिकायतों का मौके पर किया समाधान, अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के दिए सख्त निर्देश

  • जनता की समस्याओं पर प्रशासन की तत्परता, अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश

पौड़ी : सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित एक दर्जन से अधिक शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने एक-एक फरियादी की बात गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष मामलों में अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए।

पूर्व में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रमों में प्राप्त शिकायतों पर विभागीय स्तर पर की गई कार्यवाही की आख्या भी प्रस्तुत की गई। वार्ड संख्या 09, पौड़ी निवासी लक्ष्मी देवी द्वारा जल संस्थान के अधिक बिल की शिकायत पर अधिकारियों ने बताया कि बकाया धनराशि को एकमुश्त जमा कराने के बजाय किश्तों में जमा करने पर सहमति बन गई है। ग्राम जखेटी निवासी राकेश सिंह की पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर विभाग ने अगले ही दिन आपूर्ति सुचारु कर दी। यमकेश्वर के देवराना निवासी कृष्ण कुमार कण्डवाल की आपदा से क्षतिग्रस्त दीवार और रास्ते के पुनर्निर्माण को ग्रामसभा की खुली बैठक में प्रस्तावित कर आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। सुरेन्द्र सिंह कठैत व अनिकेत की विद्युत पोल लगाये जाने सम्बंधी शिकायत पर विद्युत विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए विद्युत पोल स्थापित किये गये। कोटद्वार के फतेहपुर निवासी श्याम सिंह, तलसारी निवासी सतीश चन्द्र तथा ज्योति रावत की कानून एवं सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों पर पुलिस विभाग ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आवश्यक कदम उठाए।

बीरोंखाल के थापला निवासी राजेश सिंह रावत ने गोदिया पाइपलाइन निर्माण कार्य का भुगतान न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को ठेकेदार और श्रमिकों के बीच शीघ्र बैठक कराकर लंबित भुगतान का समाधान कराने को कहा, ताकि किसी भी श्रमिक का अधिकार प्रभावित न हो। पोखड़ा निवासी पुष्कर जोशी ने कृष्ण मोहन चौक के पास बने सार्वजनिक शौचालय में जलापूर्ति की मांग पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को तुरंत जल संयोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सिमखेत, पौड़ी निवासी सरोजनी देवी ने खेत पर अवैध कब्जे की कोशिश की शिकायत की, जिसपर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी पौड़ी को राजस्व टीम को मौके पर भेजकर भूमि का शीघ्र सीमांकन कराने और आवश्यक राहत देने को कहा। ग्राम कण्डारा निवासी कुलदीप सिंह ने बताया कि उनका आवास विद्युत लाइन से लगभग 85 मीटर दूर है, जिससे बिजली कनेक्शन में दिक्कत हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को एक सप्ताह के भीतर वस्तुस्थिति के अनुसार पोल स्थापित कर समस्या का समाधान करने को कहा।

जनता मिलन कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश स्याना, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला पंचायतराज अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।