पौड़ी : जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने तथा कालाबाजारी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने हेतु जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन पर खाद्य नागरिक आपूर्ति की प्रवर्तन टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर संचालित गैस एजेंसियों, प्रतिष्ठानों, होटल-ढाबों तथा पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि बुधवार को जनपद में कुल 16 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें से कोटद्वार, पौड़ी और कोट–खोलाचौरी में एक–एक गैस गोदाम का निरीक्षण किया गया। वहीं दुगड्डा में 1 गैस गोदाम और 5 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जबकि लैंसडाउन क्षेत्र में 1 गैस गोदाम और 6 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गयी। इस दौरान संचालकों को स्टॉक एवं वितरण से जुड़े अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी एवं जमाखोरी को रोकने के लिए विभाग द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी अनियमितता पायी जाती है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
अंकिता भंडारी केस में उर्मिला और सुरेश राठौड़ CBI कोर्ट में पेश, नार्को टेस्ट को तैयार
उत्तराखंड वित्त सेवा संवर्ग के 06 अधिकारियों की चयन वेतनमान में हुई पदोन्नति
प्रशिक्षक अनुज गौड़ के मार्गदर्शन और योग संगठनों की पहल से खेल एवं योग को मिल रहा बढ़ावा; उत्तराखंड स्टेट ओपन कराटे चैंपियनशिप में बच्चों का शानदार प्रदर्शन