गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में भी संविधान निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर की जन्म जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान संविधान की मूल भावना को संरक्षित करने का संकल्प लिया गया। जिला मुख्यालय गोपेश्वर के बस स्टेशन पर भारत रत्न बाबा साहिब डा. भीमराव अंबेडकर की 135वीं तथा ज्योतिबा फुले की 199वीं जयंती रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अंबेडकर भवन से मंदिर मार्ग तक भव्य शोभा यात्रा व झांकी निकाली गई। इस दौरान पूरा इलाका जय भीम, जय फुले के उद्घोष से गूंज उठा।
अनुसूचित जाति-जनजाति शिक्षिक एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश शाह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बदरीनाथ के कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि मौजूदा दौर में बाबा साहिब अंबेडकर के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करना होगा। उन्होंने कहा कि संविधान का निर्माण कर बाबा साहिब ने आम लोगों के हितों को सुरक्षित रखा है। मौजूदा दौर में भी संविधान की भावना को अंगीकार कर सभी लोगों को संविधान की रक्षा करने के लिए समर्पित रहना होगा। बतौर विशिष्ट अतिथि लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता छोटे लाल ने कहा कि गरीबों, शोषितों और वंचितों को सामाजिक स्तर पर बराबरी का दर्जा देने के लिए संविधान रक्षक के रूप में काम कर रहा है। उनका कहना था कि मौजूदा दौर में सभी लोगों को संविधान की रक्षा का संकल्प लेना होगा। उन्होंने ज्योतिबा फुले द्वारा शैक्षणिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी बदौलत ही आज शिक्षा जगत में कीर्तिमान स्थापित हुआ है।
इस अवसर पर शहीद सैनिक अजय लाल राइका थिरपाक छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति देकर लोगों को मंत्रमुग्ध किया। सुबोध प्रेम विद्या मंदिर इंटर कालेज गोपेश्वर तथा क्राइस्ट एकेडमी कोठियालसैण की छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को अभिभूत किया। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता धीरेन्द्र सिंह गरोडिया, जीडी हिंदवाल, जीएल आर्य, पुष्कर बैछवाल, अंजू अग्निहोत्री, सुबोध प्रेम विद्या मंदिर के संस्थापक राकेश चन्द्र गैरोला, केके डिमरी, सुनीता कप्रवाल, गरिमा कन्याल, हरीश टम्टा, सुरेश राज, हरीश तोपाल, देवेन्द्र अग्निहोत्री, जगदीश टम्टा, जयपाल कोहली, धनी आगरी, धनपति शाह समेत तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे। संचालन डॉ. जंगी रडवाल एवं रोमेश शाह ने संयुक्त रूप से किया। जनपद के सभी क्षेत्रों में संविधान निर्माता की जन्म जयंती धूमधाम से मनाई गई।

More Stories
पौड़ी गढ़वाल : वर्क फ्रॉम होम के नाम पर महिला से ₹9.38 लाख की साइबर धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार
पौड़ी गढ़वाल : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर जिले में सात स्थानों पर राज्य स्तरीय आपदा मॉक ड्रिल, परखी गयी तैयारियां
सतपुली-पौड़ी मार्ग पर कार पर गिरा मलबा, SDRF ने 06लोगों को सकुशल निकाला