देहरादून : देहरादून में रसोई गैस की किल्लत के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 32 अवैध एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए।
जिले में एलपीजी की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री और रिफिलिंग में लिप्त एक व्यक्ति को पकड़ने में सफलता मिली।
सूचना के अनुसार, निरंजनपुर सब्जी मंडी क्षेत्र में स्थित एक बंद पड़े पेट्रोल पंप के कमरे में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही थी। सूचना मिलते ही टीम ने शनिवार देर रात छापेमारी की। मौके से 27 घरेलू, 4 छोटे और 1 व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
इसके अलावा, एक वाहन भी कब्जे में लिया गया जिसमें 327 गैस सिलेंडर लदे हुए थे। हालांकि, वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर पता चला कि यह खेप लोनी बोटलिंग गैस प्लांट से करीब 360 सिलेंडर लेकर निकली थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग कर उन्हें बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी। इस मामले में कोतवाली पटेलनगर में भूपेंद्र मंडल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि गैस की कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।

More Stories
उत्तराखण्ड में 3 अक्टूबर को प्रकाशित होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
धामी सरकार का युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर फोकस, नौकरी मांगने वाले नहीं नौकरी देने वाले बनेंगे उत्तराखंड के युवा
शुद्धिकरण प्रकरण में हाईकोर्ट से कांग्रेस को झटका, आरोपों के समर्थन में सबूत नहीं दे पा रही कांग्रेस, याचिका निस्तारित, पुलिस जांच में दखल से इनकार