देहरादून। होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय, उत्तराखंड ने राज्यभर में होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है। मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार विभिन्न जनपदों में कुल 920 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसमें आरक्षण के तहत सभी श्रेणियों को शामिल किया गया है।
जारी विवरण के मुताबिक सबसे अधिक 216 पद हरिद्वार जनपद में, जबकि 155 पद नैनीताल और 152 पद देहरादून में भरे जाएंगे। इसके अलावा ऊधमसिंहनगर में 76, टिहरी में 57, उत्तरकाशी में 55, पौड़ी गढ़वाल में 60 सहित अन्य जिलों में भी भर्ती की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया के तहत 30 अप्रैल 2026 को विज्ञापन जारी किया जाएगा, जबकि 1 मई को इसे समाचार पत्रों में प्रकाशित किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 22 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 23 मई से 4 जून तक आवेदनों की जांच (स्क्रूटिनी) की जाएगी और 6 जून से शारीरिक मापतौल एवं भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।
मुख्यालय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और ईमानदारी के साथ संपन्न कराई जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। भर्ती के हर चरण की वीडियोग्राफी कराना अनिवार्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित जिला कमांडेंट की होगी।
साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि भर्ती प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों या कर्मचारियों के रिश्तेदार यदि अभ्यर्थी हों तो उनकी ड्यूटी चयन प्रक्रिया में नहीं लगाई जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों के अनुसार बुलाया जाएगा और छूटे हुए अभ्यर्थियों को अंतिम दिन अवसर दिया जाएगा।
मुख्यालय ने सभी जिला कमांडेंट्स को निर्देश दिए हैं कि तय समय सीमा के भीतर भर्ती प्रक्रिया को नियमानुसार और पारदर्शिता के साथ पूरा करना सुनिश्चित करें।

More Stories
स्वास्थ्य संवाद एवं रक्तदान शिविर में पीआरएसआई देहरादून चैप्टर का सम्मान
कोरोनेशन अस्पताल की बदहाली पर भड़के डीएम डॉ. आशीष चौहान, औचक निरीक्षण के दौरान आईसीयू में बंद मिला AC, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अनधिकृत डंपिंग व मानकविहीन प्लांटों पर होगी कड़ी कार्रवाई – डीएम डॉ. आशीष चौहान