3 May 2026

कर्णप्रयाग में गैस सिलिंडर का संकट, उपभोक्ता लौटे खाली हाथ

कर्णप्रयाग (चमोली)। सिमली स्थित इण्डेन गैस गोदाम में रसोई गैस सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती गर्मी में दो सौ से अधिक उपभोक्ता लंबी कतारों में खड़े रहे, जिनमें से 170 से अधिक को खाली सिलिंडर लेकर वापस लौटना पड़ा।

एलपीजी गैस की आपूर्ति न होने से लोगों की समस्याएं दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। एजेंसी द्वारा केवल तीस घरेलू गैस सिलिंडर वितरित किए गए। आरती और सीमा देवी ने बताया कि वे तीन-चार दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन गैस नहीं मिल पा रही है। रानो निवासी पुष्पा देवी, सीता देवी और रामेश्वरी देवी ने कहा कि वे 1500 रुपये वाहन का किराया देकर सिमली आई थीं, पर पूरे दिन इंतजार के बाद भी उन्हें गैस नहीं मिली। नेता पुष्कर रावत ने गैस एजेंसी द्वारा क्षेत्रों में पूर्ण आपूर्ति न करने पर चिंता जताई। उन्होंने मांग की है कि एजेंसी द्वारा घरेलू गैस आपूर्ति प्रत्येक क्षेत्रों में सुचारु रूप से की जाए।

एजेंसी का आश्वासन

इण्डेन गैस सर्विस एजेंसी प्रबंधक रजनी थपलियाल ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन में गौचर, कर्णप्रयाग क्षेत्रों तथा अन्य ग्रामीण इलाकों में एलपीजी गैस वितरण किया जाएगा। सिमली गैस गोदाम में छूटे गए उपभोक्ताओं को उनके क्षेत्रों में गैस आपूर्ति कर दी जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।