पौड़ी : बीते दिन 11 मई को जनपद पौड़ी गढ़वाल के थाना सतपुली क्षेत्र अंतर्गत कोटद्वार रोड स्थित कुल्हाड़ बैण्ड के पास एक जेसीबी वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 120 मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना की सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट सतपुली से एएसआई प्रेम प्रकाश के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल हेतु रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुँचने पर पाया गया कि जेसीबी अत्यंत गहरी एवं दुर्गम खाई में गिर गई थी, जिससे रेस्क्यू अभियान काफी जोखिमपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण हो गया। विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से गहरी खाई में उतरकर वाहन तक पहुँच बनाई तथा उसमें फँसे व्यक्ति तक पहुँचकर उसे बाहर निकाला।
दुर्भाग्यवश वाहन सवार व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी। मृतक की पहचान बाबूराम शर्मा पुत्र बलवीर प्रसाद शर्मा, उम्र 57 वर्ष, निवासी काशीराम, कोटद्वार, उत्तराखण्ड के रूप में हुई।
एसडीआरएफ टीम द्वारा अत्यंत सावधानी के साथ शव को खाई से मुख्य मार्ग तक पहुँचाकर आवश्यक कार्यवाही हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया।

More Stories
उत्तराखंड को कई सड़क परियोजनाओं की सौगात, सीएम धामी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी
उत्तराखंड मौसम अलर्ट: आज और कल भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, 24×7 अलर्ट रहने के निर्देश
अंकिता ध्यानी ने रचा इतिहास, स्वर्ण जीतकर एशियन गेम्स 2026 का टिकट किया पक्का