गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के जोशीमठ ब्लाॅक केे ग्राम लाता के ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय के संचालन की मांग को लेकर बदरीनाथ के विधायक लखपत बुटोला के नेतृत्व में जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव से विद्यालय की दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर है तथा रास्ता जोखिम भरा होने के कारण छोटे बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लाता की प्रधान पूजा रावत ने कहा कि गांव से विद्यालय की दूरी अधिक होने के कारण गांव के कई बच्चे विद्यालय जाने में असमर्थ हैं। बरसात के दौरान मार्ग और अधिक खतरनाक हो जाता है। इससे अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई वर्षों से विद्यालय संचालन की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में प्राथमिक विद्यालय अथवा आंगनबाड़ी केंद्र को सुचारु रूप से संचालित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे छोटे बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में मदद मिलेगी। ग्रामीणों ने जिलाधिकार से समस्या समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने की मांग की है।
इस दौरान सरपंच धर्मेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान राजमती बुटोला, दरबान सिंह रावत, संजय रावत, लक्ष्मण बुटोला, लीला राणा, संग्राम सिंह आदि मौजूद रहे।

More Stories
आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देशों पर FDA की बड़ी कार्रवाई, कोर्ट कैंटीन से ढाबों तक छापेमारी, कई प्रतिष्ठानों को नोटिस
अंकिता भंडारी केस में उर्मिला और सुरेश राठौड़ CBI कोर्ट में पेश, नार्को टेस्ट को तैयार
78 वृद्ध महिलाओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयां और सहायक उपकरण वितरित