ऊधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सितारगंज के शक्तिफार्म को सिडकुल क्षेत्र से जोड़ने के लिए सिसौना नदी पर लगभग 11 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 150 मीटर स्पान सीसी पुल का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुल निर्माण से क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा सिडकुल सितारगंज और विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने की दूरी लगभग 9 किलोमीटर कम हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुल क्षेत्र में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा राज्य सरकार शहरों से लेकर पर्वतीय क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने में जुटी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शक्तिफार्म क्षेत्र में पीपीपी मॉडल के तहत आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जा रही है, जहां मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और चीज का उत्पादन होगा। इसके अलावा प्रह्लाद पलसिया में लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत से एक्वा पार्क का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है, जिसका अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत किया गया है। साथ ही सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क, आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, विभिन्न मोटर मार्गों और मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण कार्यों पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद ऊधमसिंह नगर के किच्छा में लगभग 351 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ भूमि पर एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाईअड्डे के निर्माण की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना को पुनः प्रारंभ कर तराई क्षेत्र की पेयजल एवं सिंचाई आवश्यकताओं की पूर्ति की दिशा में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। किसानों के हित में गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि भी की गई है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

More Stories
उत्तराखंड में आज से शुरू होने जा रही मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं को मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग
महिला सशक्तीकरण की दिशा में धामी सरकार के प्रयासों को मिली नई पहचान, 30% आरक्षण से लेकर ‘लखपति दीदी’ तक बढ़े आत्मनिर्भरता के कदम
नंदा की डोलियों का पड़ावों पर हुआ स्वागत, जागरों से दी अगले पड़ाव की विदाई