टिहरी : जनपद में लगातार बढ़ती गर्मी और शुष्क मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने वन अग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि जंगलों में लगने वाली आग से पर्यावरण, वन संपदा, वन्यजीवों और मानव जीवन को गंभीर खतरा उत्पन्न होता है, इसलिए सभी नागरिक जिम्मेदारी के साथ सहयोग करें।
अपर जिलाधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जंगलों के आसपास बीड़ी, सिगरेट अथवा माचिस की जलती तीली न फेंकी जाए और सूखी घास या झाड़ियों में आग लगाने से बचें। उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े वनाग्नि हादसे का कारण बन सकती है, जिससे व्यापक नुकसान होने की आशंका रहती है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा वन अग्नि की सूचना एवं त्वरित सहायता के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किए गए हैं। आमजन से इन नंबरों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने तथा कहीं भी आग लगने की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को देने की अपील की गई है, ताकि समय रहते आग पर नियंत्रण पाया जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों, वन पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों से वन संरक्षण एवं जागरूकता अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही वन अग्नि जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

More Stories
पुलिस में 1,600 पदों पर जल्द भर्ती; थानों का बजट होगा दोगुना
धामी सरकार का स्वास्थ्य शिक्षा पर बड़ा फोकस, सेलाकुई विश्वविद्यालय को ₹20.55 करोड़ की पांच योजनाओं की सौगात
विधानसभा चुनाव-2027ः देहरादून में 23 अक्टूबर से ईवीएम की तकनीकी जांच, डीएम ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग