गोपेश्वर (चमोली) । उत्तराखण्ड शासन के गृह सचिव शैलेश बगौली ने जनपद भ्रमण कार्यक्रम के तहत शनिवार को कोतवाली गोपेश्वर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, जनसेवाओं तथा डिजिटल पुलिसिंग व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनपद मुख्यालय पहुंचने पर गृह सचिव का पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश तथा अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
निरीक्षण के दौरान गृह सचिव ने कोतवाली परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, कार्यालयीय कार्यप्रणाली, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, आगन्तुक कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीवी प्रणाली, मालखाना, बैरक एवं भोजनालय का निरीक्षण किया। साथ ही आमजन को उपलब्ध कराई जा रही पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता का भी जायजा लिया।
उन्होंने पुलिस कार्यों में फॉरेंसिक जांच प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने, डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित प्रबंधन तथा पुलिसिंग में आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।
जनमैत्री पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर जैसी व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन, शिकायतों के समयबद्ध पंजीकरण तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके अलावा लंबित मालों के निस्तारण, पुलिस कर्मियों की आवासीय सुविधाओं, बाल अपराध एवं पोक्सो से जुड़े मामलों के शीघ्र निस्तारण और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा भी की।
निरीक्षण के दौरान गृह सचिव ने जनपद में पुलिस बल की रिक्तियों पर चिंता व्यक्त करते हुए विशेष रूप से महिला उपनिरीक्षकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता बताई। उन्होंने जनपद में उपलब्ध फॉरेंसिक वाहन की स्थिति की जानकारी ली तथा वाहन के अत्यधिक पुराने होने पर नया वाहन उपलब्ध कराने हेतु शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। इस अवसर पर गृह सचिव ने विशेष सचिव गृह निवेदिता कुकरेती के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
इस दौरान परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, एसडीएम चमोली राजकुमार पांडे, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडे समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
प्रशिक्षक अनुज गौड़ के मार्गदर्शन और योग संगठनों की पहल से खेल एवं योग को मिल रहा बढ़ावा; उत्तराखंड स्टेट ओपन कराटे चैंपियनशिप में बच्चों का शानदार प्रदर्शन
पुलिस में 1,600 पदों पर जल्द भर्ती; थानों का बजट होगा दोगुना
धामी सरकार का स्वास्थ्य शिक्षा पर बड़ा फोकस, सेलाकुई विश्वविद्यालय को ₹20.55 करोड़ की पांच योजनाओं की सौगात