काशीपुर : भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधम सिंह नगर जिले के एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले में एक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर एक पंजीकृत ठेकेदार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने जसपुर ब्लॉक क्षेत्र में वाटर कूलर लगाने का कार्य किया था। कार्य पूर्ण होने के बाद भुगतान जारी करने के बदले कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये तथा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर ने 12 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। ठेकेदार ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए मामले की शिकायत विजिलेंस से की।
शिकायत की गोपनीय जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने सोमवार को कुंडा, काशीपुर में जाल बिछाकर कार्रवाई की और कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि मामले के दूसरे आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले की जांच भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत की जाएगी।
इस सफल कार्रवाई पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आमजन से भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है या भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई जानकारी हो तो इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दी जा सकती है।

More Stories
धामी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का असर, ओवररेटिंग पर देहरादून प्रशासन की कड़ी कार्रवाई
एबीवीपी की जीत मतलब युवाओं ने लगायी धामी सरकार के युवा हित के फैसलों पर मुहर: भाजपा
आपदा प्रभावित परिवारों के क्षति का आंकलन करेगी उच्च स्तरीय टीम: डॉ धन सिंह रावत