प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और त्योहारी सीजन में आम जनता को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) विनय शंकर पाण्डेय के निर्देश पर आज देहरादून नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट में निरीक्षण अभियान चलाया गया। खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मानकों का जायजा लिया। इस दौरान चार खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
नामी रेस्टोरेंटों में पहुंची विभागीय टीम
आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) विनय शंकर पाण्डेय के निर्देश पर देहरादून की टीम ने अभियान के दौरान फैर्जी कैफे रेस्टोरेंट (FARZI CAFE RESTAURANT), ऑर्चर्ड (ORCHARD), तमारा (TAMARA) और पिजोलो (PICCOLO) सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए पनीर, खोया तथा अन्य खाद्य पदार्थों के कुल चार नमूने संग्रहित किए। इन नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों के मानकों के अनुरूप पाए जाने अथवा उनमें किसी तरह की कमी मिलने की स्थिति में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य संरक्षा मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई
निरीक्षण अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमों के अनुपालन को लेकर भी विभागीय टीम ने कार्रवाई की। उपलब्ध विभागीय जानकारी के अनुसार, तमारा (TAMTRA) रेस्टोरेंट के संबंध में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत बंद कराने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, दो खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई किए जाने के संबंध में भी अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का उद्देश्य खाद्य कारोबार में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ रोकना है।
अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगा अभियान
खाद्य संरक्षा विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि देहरादून के अन्य क्षेत्रों में भी होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य एवं पेय पदार्थों का कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों का निरीक्षण जारी रहेगा। अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभागीय कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं का भरोसा बनाए रखना है।
आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय का बयान
आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार सक्रिय है। आम जनता को सुरक्षित और मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी प्रयोगशाला में जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे स्वच्छता, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा के सभी निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

More Stories
देहरादून में निर्धारित स्थलों पर ही पटाखों की बिक्री की अनुमति, बाजारों में अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश
एमडीडीए की अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर कार्रवाई, चार स्थानों पर चला अभियान
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जी ने L.T. चयनित 585 की नियुक्ति फाइल पर शीघ्र कार्रवाई के दिए निर्देश, अभ्यर्थियों ने जताया आभार