ज्योतिर्मठ। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) ज्योतिर्मठ में नए शिक्षा सत्र का आगाज बेहद उत्साह और उमंग के साथ ‘प्रवेश उत्सव’ के रूप में किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस ऊर्जावान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसएमसी अध्यक्ष सीमा भुजवान और पीटीए अध्यक्ष रीना नेगी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ नव प्रवेशित छात्राओं के भव्य स्वागत के साथ हुआ, जिससे विद्यालय का वातावरण उत्सवमय हो गया।
शिक्षिका की अनुकरणीय पहल बनी चर्चा का विषय
इस वर्ष के प्रवेश उत्सव का विशेष आकर्षण विद्यालय की शिक्षिका कुमारी दीप्ति रहीं, जिन्होंने अपनी बहन का प्रवेश अपने ही सरकारी विद्यालय में कराया। उनकी इस पहल को शिक्षा जगत में एक आदर्श एवं अनुकरणीय कदम माना जा रहा है। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि जब सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक स्वयं अपने परिजनों का दाखिला वहां कराएंगे, तो इससे सरकारी शिक्षण व्यवस्था के प्रति जनमानस का विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा।
छात्राओं को उपहार और उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या उर्मिला बहुगुणा, पीटीए अध्यक्ष और एसएमसी अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से सभी नव प्रवेशित छात्राओं को डायरी और पेन भेंट कर उनका अभिनंदन किया। प्रधानाचार्या ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शैक्षणिक प्रगति में विद्यालय के सक्रिय सहयोगी बनें। उन्होंने केंद्र सरकार की ‘पीएम श्री विद्यालय’ योजना के लाभों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला और बालिकाओं के बहुमुखी विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां
प्रवेश उत्सव के अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसका उपस्थित अभिभावकों ने भरपूर आनंद लिया। इस दौरान विद्यालय परिवार की ओर से अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में शिक्षिका तारा राणा, अनीता नौटियाल, रेखा राज, उमेश कपरुवान, सुमित्रा राणा, शकुंतला, पुष्पा फरस्वाण, दीपमाला, प्रीति रावत, कुमारी दीप्ति, कुमारी शिवानी, कुमारी कविता एवं कुमारी आकांक्षा शर्मा सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

More Stories
उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला : उपनल कर्मचारियों को ‘समान कार्य के लिए समान वेतन’, कट-ऑफ डेट में भी बदलाव
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर पौड़ी में सात स्थानों पर राज्य स्तरीय आपदा मॉक ड्रिल, परखी गयी तैयारियां
04 से 18 जुलाई तक प्रदेशभर में आयोजित होगा 15 दिवसीय “सेवा पखवाड़ा”, ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के द्वितीय चरण के तहत होंगे विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम एवं विशेष शिविर