जोशीमठ (चमोली): सीमांत जनपद चमोली के होनहार खिलाड़ियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में आयोजित प्रतिष्ठित ‘खेलो इंडिया’ नेशनल विंटर गेम्स के तहत स्की माउंटरनीयरिंग (Ski Mountaineering) प्रतियोगिता में जोशीमठ के दो उभरते सितारों ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।
स्वर्ण पथ पर जोशीमठ के जांबाज
बड़ागांव (जोशीमठ) के निवासी शार्दूल थपलियाल और रविग्राम (जोशीमठ) की संगीता भट्ट ने बर्फ की दुर्गम ढलानों पर अपनी रफ्तार और तकनीकी कौशल का ऐसा प्रदर्शन किया कि प्रतिद्वंदी पीछे छूट गए। दोनों ही एथलीटों ने अपने-अपने वर्ग में गोल्ड मेडल (स्वर्ण पदक) पर कब्जा जमाकर चमोली जनपद और पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
बर्फ के खिलाड़ियों की बड़ी उड़ान
शार्दूल और संगीता की इस ऐतिहासिक जीत से सीमांत क्षेत्र जोशीमठ में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि संसाधनों के अभाव के बावजूद यहाँ के युवाओं में विंटर स्पोर्ट्स के प्रति गजब का जज्बा है। इन खिलाड़ियों की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो पहाड़ की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तिरंगा फहरा सकती हैं। इस उपलब्धि पर जनपद के जनप्रतिनिधियों और खेल संगठनों ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

More Stories
16वीं जनगणना में डिजिटल क्रांति, पुलिस कर्मियों को स्व-गणना का प्रशिक्षण
संयुक्त निदेशक सूचना केएस चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेंट की अपनी पुस्तक “पहलगाम … जब समय थम सा गया”
अनोखी शादी : एक परिवार में छह शादियां, दुल्हन लेकर जाएगी बारात, गहने और शराब को लेकर भी बड़ा फैसला