पौड़ी : जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बूथों के निरीक्षण के पश्चात विकास भवन पहुँचकर त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन कंट्रोल रूम का जायज़ा लिया। पोलिंग पार्टियों को वापस आने में कोई असुविधा न हो, इस हेतु जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को निर्देश दिए कि संबंधित विकासखण्डों के अंतर्गत सभी सड़कों की स्थिति पर नजर बनाये रखें तथा मोटर मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल खुलवाना सुनिश्चित करवाएं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला ने बताया कि वर्तमान संबंधित विकासखण्डों का कोई भी मोटर मार्ग बंद नही है। मोटर मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते हीं तत्काल खुलवाने की कार्यवाही की जा रही है।
जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी कंट्रोल रूम को निर्देश दिए कि मतदान संबंधी सूचना समय से प्राप्त करते हुए रिपोर्ट तैयार करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रिपोर्ट तैयार करते समय विकासखंडवार प्राप्त ऑंकड़ों का अवलोकन कर लें, ताकि मतदान संबंधी अंतिम रिपोर्ट में कोई त्रुटि न रह सके। उन्होंने कहा कि अंतिम पोलिंग पार्टी की वापसी तक कंट्रोल रूम के माध्यम से निगरानी रहेगी और पोलिंग पार्टी को किसी प्रकार की असुविधा/परेशानी आने की स्थिति में समाधान के त्वरित प्रयास किये जायेंगे।
इस दौरान उन्होंने आदर्श आचार संहिता के संबंध में भी पत्रावलियों का भी अवलोकन किया।
गौरतलब हो कि 643 पोलिंग पार्टियों में से विकासखण्ड बीरोंखाल की 02 और थलीसैण की 27 सहित कुल 29 पोलिंग पार्टियां ऐसी है जो कल शुक्रवार को अपने गंतव्य के लिए वापस आएंगी। निरीक्षण में जिला मत्स्य अधिकारी/नोडल अधिकारी कंट्रोल रूम अभिषेक मिश्रा, सहायक नोडल कंट्रोल रूम खुशाल सिंह नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी ललित गोदियाल सहित अन्य कार्मिक उपस्थित थे।


More Stories
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत उत्तराखंड में 6 हजार कर्मचारियों और 900 से अधिक नियोक्ताओं को मिली ₹24 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि
एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर उच्चाधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारियो को किया ब्रीफ
सीएम धामी ने पुलिस लाइन, देहरादून में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित रन फॉर योगा कार्यक्रम में किया प्रतिभाग