21 June 2026

मुख्यमंत्री धामी से मिले राज्यमंत्री हेमराज बिष्ट, गढ़वाल में खेलों और पर्यटन की संभावनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास पर उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट ने भेंट की। इस दौरान बिष्ट ने अपने 23 दिवसीय गढ़वाल मंडल प्रवास के उपरांत मुख्यमंत्री को अपनी विस्तृत रिपोर्ट साझा की, जिसमें गढ़वाल में खेलों, विशेषकर साहसिक खेलों की अपार संभावनाओं और उनके विकास की दिशा में उठाए गए कदमों पर गहन चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान, राज्यमंत्री हेमराज बिष्ट ने बताया कि उनके गढ़वाल मंडल के लंबे प्रवास का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में खेल गतिविधियों, विशेषकर साहसिक खेलों, की पहचान करना और उनके संवर्धन के लिए रणनीति तैयार करना था। उन्होंने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि गढ़वाल की नैसर्गिक सुंदरता और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक स्थिति साहसिक खेलों जैसे ट्रेकिंग, पर्वतारोहण, राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग के लिए एक आदर्श मंच प्रदान करती है।

चर्चा के दौरान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने में खेलों की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस दिशा में हर संभव प्रयास करेगी और युवाओं के लिए खेलों में, विशेषकर साहसिक खेलों में, और भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगी।

You may have missed