-भूधसाव क्षेत्रों में प्रस्तावित सुरक्षात्मक कार्यों की दी जानकारी, प्रभावित लोगों के लिए सुझाव
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग नगर पालिका परिषद के बहुगुणा नगर, कृषि मंडी परिषद, गांधी नगर और सुभाष नगर-भैडगांव में भूधसाव की समस्या को लेकर विधायक अनिल नौटियाल एवं जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने कर्णप्रयाग ब्लाक सभागार प्रभावित लोगों के साथ बैठक की। जिसमें प्रभावित लोगों को भूधंसाव क्षेत्र में प्रस्तावित सुरक्षात्मक कार्यो की जानकारी दी गई और उनके सुझाव भी लिए गए।
कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर भूधंसाव प्रभावित लोगों की समस्या का त्वरित निस्तारण के लिए यह बैठक की गई है। प्रभावित लोगों के सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि बहुगुणा नगर में भूधंसाव के ट्रीटमेंट के लिए सिंचाई विभाग के माध्यम से 41.65 करोड़ का आंगणन तैयार किया गया है। बहुगुणा नगर में भूधंसाव की रोकथाम के लिए के 85 मीटर एरिया में माइक्रोपाइलिंग का कार्य के साथ ही ड्रेनेज सिस्टम को ठीक किया जाएगा। यहां पर सभी घरों को ड्रेनेज सिस्टम से जोडा जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि विस्थापन के लिए प्रभावित लोग तैयार होते है, तो विस्थापन के लिए भी त्वरित धनराशि दी जाएगी।
ईडा-बधाणी में विगत आपदा में परिसंपत्तियों के नुकसान को लेकर जिलाधिकारी ने ब्लाक और राजस्व टीम को जियोलॉजिस्ट के साथ क्षेत्र का शीघ्र सर्वेक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने और क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण के लिए बजट की प्रत्याशा में तत्काल कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में भूधंसाव प्रभावित लोगों के सुझाव लिए गए। जिलाधिकारी ने कहा सभी सुझावों को संकलित करते हुए शासन को भेजा जाएगा और शासन स्तर से इसमें जो भी निर्णय होगा, उसके अनुसार ही प्रभावित क्षेत्रों में आगे सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएंगे। इस दौरान प्रभावित लोगों ने पूरे भूधंसाव क्षेत्र का विस्तृत सर्वेक्षण कराने और प्रभावितों को उचित मुआवजा दिलाने के संबध में अपने-अपने सुझाव रखे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्रवासियों की अन्य समस्याएं भी सुनी और अधिकारियों को तत्काल समस्याओं का समाधान करने के निर्देश भी दिए।

More Stories
चारधाम यात्रा को मिलेगी नई मजबूती, रुद्रप्रयाग के रतूड़ा में बनेगा आधुनिक राज्य अतिथि गृह – सचिव राज्य संपत्ति डॉ. आर राजेश कुमार
धामी सरकार का भ्रष्टाचार पर सर्जिकल स्ट्राइक, हरिद्वार भूमि घोटाले में बड़ा प्रहार, 10 पर मुकदमा, पूर्व नगर आयुक्त की बर्खास्तगी की संस्तुति
एमडीडीए का बड़ा एक्शन : सहसपुर के कल्याणपुर में 50 बीघा की अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले- अवैध कॉलोनियां किसी भी कीमत पर नहीं होंगी बर्दाश्त