देहरादून। उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है और इसका असर प्रदेश के कई जिलों में देखा जा रहा है। बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है, वहीं अब भारी बारिश के कारण भूस्खलन और जलभराव जैसी समस्याएं भी सामने आने लगी हैं। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
राज्य के पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार, शुक्रवार को उत्तराखंड के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। खासतौर पर बागेश्वर और नैनीताल जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है, जिसके चलते इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, देहरादून, पौड़ी, चंपावत और पिथौरागढ़ में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
देहरादून में बादलों का डेरा
राजधानी देहरादून में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने और एक-दो दौर की गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, देहरादून में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
नदियों-नालों का बढ़ा जलस्तर
मानसून के आगमन के साथ ही प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की जा रही है। इससे नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन के चलते यातायात भी बाधित हो रहा है, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ा है। आपदा प्रबंधन विभाग ने भी सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

More Stories
सीएम धामी के विजन को मिली रफ्तार, IAS बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में हरा-भरा हो रहा दून, कार्यालय जाते समय पौधरोपण अभियान पर पड़ी नजर तो रुककर परखी हरियाली की जमीनी हकीकत
देहरादून मास्टर प्लान के लिए शुरू हुई जनसुनवाई, पहले दिन 18 लोगों ने रखे सुझाव और आपत्तियां
मुख्यमंत्री धामी बोले – देश-दुनिया में बसे उत्तराखंडवासी राज्य के सबसे बड़े सांस्कृतिक दूत और ब्रांड एंबेसडर