देहरादून I विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के पथरीबाग परिसर स्थित कृषि फार्म में पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का आयोजन राष्ट्रीय कैडेट कोर और स्कूल ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्री महंत देवेंद्र दास जी महाराज ने सभी के लिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में रजिस्ट्रार प्रो. डॉक्टर लोकेश गम्भीर और डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रोफेसर डॉक्टर मालविका सती कांडपाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से छात्रों और प्रतिभागियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति उत्साह देखने को मिला। मुख्य अतिथि डॉ. लोकेश गम्भीर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पेड़ लगाना न केवल एक पर्यावरणीय कर्तव्य है, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए उपहार भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल एक दिन का उत्सव नहीं हैं, बल्कि एक सतत प्रक्रिया का हिस्सा हैं, जिसमें हर व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। छात्र इस अभियान का हिस्सा बनकर समाज और पर्यावरण के लिए कुछ सार्थक कर सकते हैं।
डीएसडब्ल्यू प्रोफेसर डॉक्टर मालविका सती कांडपाल ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हर छोटा प्रयास मिलकर बड़े परिवर्तन का कारण बन सकता है। उन्होंने पर्यावरण के प्रति संवेदनशील और उत्तरदायी बनने की अपील की। इस अभियान का नेतृत्व डीन, स्कूल ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज, प्रोफेसर डॉक्टर प्रियंका बनकोटी ने किया। उन्होंने कहा कि धरती को हरा-भरा रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। वृक्ष न केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखते हैं, बल्कि जैव विविधता और जलवायु संतुलन के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर पर एनसीसी बालक इकाई के एएनओ डॉ. खिलेंद्र सिंह और एनसीसी बालिका इकाई की एएनओ डॉ. अनुजा रोहिला ने कैडेट्स के साथ मिलकर सक्रिय भागीदारी निभाई। सैकड़ों पौधे परिसर में लगाए गए, जिनमें फलदार, छायादार और औषधीय पौधों की प्रमुखता रही। एनसीसी कैडेट्स और कृषि संकाय के छात्र-छात्राओं ने मिलकर सैकड़ों पौधे लगाए और यह संकल्प लिया कि वे इन पौधों की देखरेख भी पूरी निष्ठा से करेंगे। इस मौके पर विश्वविद्यालय के सभी स्कूलों के डीन, शिक्षक और सैकड़ों छात्र मौजूद रहे।

More Stories
सीएम धामी के विजन को मिली रफ्तार, IAS बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में हरा-भरा हो रहा दून, कार्यालय जाते समय पौधरोपण अभियान पर पड़ी नजर तो रुककर परखी हरियाली की जमीनी हकीकत
देहरादून मास्टर प्लान के लिए शुरू हुई जनसुनवाई, पहले दिन 18 लोगों ने रखे सुझाव और आपत्तियां
मुख्यमंत्री धामी बोले – देश-दुनिया में बसे उत्तराखंडवासी राज्य के सबसे बड़े सांस्कृतिक दूत और ब्रांड एंबेसडर