पौड़ी : जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा जिले में घरेलू गैस सिलेण्डरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। नगर पालिका, नगर निगम व नगर पंचायत क्षेत्रों में गठित निरीक्षण टीमों द्वारा होटल, ढाबा व विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर जांच की जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 140 प्रतिष्ठानों की छानबीन की गयी, जिनमें घरेलू गैस सिलेण्डरों के दुरुपयोग के मामले सामने आए। विभागीय कार्रवाई में 21 घरेलू गैस सिलेण्डरों पर 48 हजार 300 रुपये का चालान किया गया, साथ ही 2 सिलेण्डर ज़ब्त भी किए गए।
नगर पालिका पौड़ी क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार बड़ोला की टीम ने 31 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 9 सिलेण्डरों के दुरुपयोग पर 20 हजार 700 रुपये का जुर्माना लगाया। नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी करन सिंह क्षेत्री के नेतृत्व में 23 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गयी तथा 2 घरेलू गैस सिलेण्डरों पर 4 हजार 600 रुपये का चालान किया गया। वहीं, नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक विजय कुमार की टीम ने 16 होटल/ढाबों की जांच की, जिसमें 8 में से 6 सिलेण्डरों पर 13 हजार 800 रुपये का चालान किया गया और 2 सिलेण्डर ज़ब्त कर लिए गए।
इसके अलावा नगर पंचायत सतपुली एवं अमोठा क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक राखी संतोषी के नेतृत्व में 17 प्रतिष्ठानों की जांच की गयी। घुड़दौड़ी व कोट क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक राकेश पंत की टीम ने 13 स्थानों पर निरीक्षण किया। पाबौ क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक हेमेन्द्र कुमार एवं विजय डोभाल की टीम द्वारा 14 प्रतिष्ठानों की जांच की गयी, जिसमें 4 घरेलू सिलेण्डरों पर 9 हजार 200 रुपये का चालान किया गया। वहीं ऋषिकेश लक्ष्मणझूला क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक ज्योति नेगी एवं दिव्या मुखिया के दल ने 26 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की कार्रवाई की।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस का व्यावसायिक प्रयोग नियमविरुद्ध है। उन्होंने बताया कि आगे भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे और उल्लंघनकारी प्रतिष्ठानों पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।

More Stories
चारधाम यात्रा को मिलेगी नई मजबूती, रुद्रप्रयाग के रतूड़ा में बनेगा आधुनिक राज्य अतिथि गृह – सचिव राज्य संपत्ति डॉ. आर राजेश कुमार
धामी सरकार का भ्रष्टाचार पर सर्जिकल स्ट्राइक, हरिद्वार भूमि घोटाले में बड़ा प्रहार, 10 पर मुकदमा, पूर्व नगर आयुक्त की बर्खास्तगी की संस्तुति
एमडीडीए का बड़ा एक्शन : सहसपुर के कल्याणपुर में 50 बीघा की अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले- अवैध कॉलोनियां किसी भी कीमत पर नहीं होंगी बर्दाश्त