पौड़ी: उत्तराखण्ड पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), पौड़ी, लोकेश्वर सिंह का चयन संयुक्त राष्ट्र (UN) से संबद्ध एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संगठन में हुआ है। यह चयन विश्व स्तर पर आयोजित एक कठिन और प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के बाद हुआ, जिसमें वैश्विक स्तर के योग्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने देश और उत्तराखंड का गौरव भी बढ़ाया है।
2014 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी श्री लोकेश्वर सिंह ने पिछले 11 वर्षों में उत्तराखण्ड पुलिस में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में अपनी सेवाएं दीं और वर्तमान में पौड़ी जनपद में पुलिस व्यवस्था का कुशल नेतृत्व कर रहे हैं।
अब अपनी नई अंतरराष्ट्रीय भूमिका में सिंह संस्थागत अखंडता, शांति स्थापना और सतत विकास जैसे वैश्विक लक्ष्यों को बढ़ावा देने में योगदान देंगे। उनकी यह नियुक्ति भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभाव और प्रतिनिधित्व को और सशक्त करने का अवसर है।
लोकेश्वर सिंह जल्द ही अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने हेतु आवेदन करेंगे। अनुमोदन मिलने के बाद वे उत्तराखण्ड कैडर से कार्यमुक्त होकर इस अंतरराष्ट्रीय संगठन में अपनी सेवाएं शुरू करेंगे।
उत्तराखण्ड पुलिस महानिदेशक ने इस उपलब्धि पर श्री सिंह को बधाई दी और कहा कि उनकी यह सफलता राज्य पुलिस के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह नियुक्ति न केवल श्री सिंह की मेहनत और समर्पण का प्रमाण है, बल्कि उत्तराखण्ड के लिए भी एक ऐतिहासिक क्षण है।

More Stories
स्वास्थ्य संवाद एवं रक्तदान शिविर में पीआरएसआई देहरादून चैप्टर का सम्मान
कोरोनेशन अस्पताल की बदहाली पर भड़के डीएम डॉ. आशीष चौहान, औचक निरीक्षण के दौरान आईसीयू में बंद मिला AC, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अनधिकृत डंपिंग व मानकविहीन प्लांटों पर होगी कड़ी कार्रवाई – डीएम डॉ. आशीष चौहान