नई दिल्ली/देहरादून : उत्तराखण्ड सरकार के संस्कृत शिक्षा, कार्यक्रम क्रियान्वयन एवं जनगणना सचिव दीपक कुमार ने नई दिल्ली स्थित डीडी न्यूज़ मुख्यालय में महानिदेशक ममता वर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने संस्कृत के संरक्षण, संवर्धन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए उत्तराखण्ड सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि संस्कृत में निहित ज्ञान विश्व को नई दिशा देने की अपार क्षमता रखता है।
डीडी न्यूज़ मुख्यालय में हुई शिष्टाचार भेंट
दीपक कुमार ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की वरिष्ठ भारतीय सूचना सेवा अधिकारी तथा डीडी न्यूज़ की महानिदेशिका ममता वर्मा से नई दिल्ली में भेंट कर संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार संस्कृत को जन-जन तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में संस्कृत संरक्षण के प्रयास
बैठक के दौरान दीपक कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य में संस्कृत के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्जीवन के लिए उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने सार्वजनिक संबोधनों में संस्कृत श्लोकों का नियमित उद्धरण देकर युवाओं को भारत की समृद्ध भाषायी एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
13 संस्कृत ग्रामों के माध्यम से तैयार हुआ सशक्त वातावरण
संस्कृत शिक्षा सचिव ने बताया कि उत्तराखण्ड के प्रत्येक जनपद में एक-एक संस्कृत ग्राम स्थापित कर कुल 13 संस्कृत ग्राम विकसित किए गए हैं। इन ग्रामों के माध्यम से संस्कृत के प्रचार-प्रसार का सशक्त वातावरण तैयार हुआ है और भाषा को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल नागरिकों में भाषायी एवं सांस्कृतिक गौरव की भावना जागृत करने के साथ-साथ भारतीय ऋषि-मुनियों द्वारा सृजित ज्ञान-संपदा से समाज को पुनः जोड़ने का माध्यम है।
संस्कृत फ़िल्म महोत्सव और अंतरराष्ट्रीय सहभागिता
दीपक कुमार ने जानकारी दी कि इन संस्कृत ग्रामों में संस्कृत फ़िल्म महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसका उद्घाटन संस्कृत प्रेमी लिथुआनिया की राजदूत महामहिम सुश्री डायना मिकेविचिएने द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर वे संस्कृत के विद्यार्थियों से संवाद भी करेंगी।
संस्कृत शिक्षा संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका
उन्होंने बताया कि संस्कृत शिक्षा निदेशालय, उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय हरिद्वार, केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय का श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर देवप्रयाग तथा उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थान सहित अनेक संस्थान वैदिक ज्ञान के प्रसार और जनसामान्य के बीच संस्कृत शिक्षा के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
डीडी न्यूज़ से संस्कृत विद्यार्थियों को मंच देने का आग्रह
दीपक कुमार ने डीडी न्यूज़ से आग्रह किया कि गुरुकुलों, विद्यापीठों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाले विशेष कार्यक्रम प्रारंभ किए जाएँ। उन्होंने कहा कि गुरुकुल परम्परा में शिक्षित विद्यार्थी वेद, उपनिषद् और शास्त्रीय ग्रंथों में दक्ष होने के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा आधुनिक डिजिटल प्रौद्योगिकियों का भी प्रभावी उपयोग कर रहे हैं।
संस्कृत पत्रकारिता को नई गति देने का सुझाव
मुख्यधारा के मीडिया में संस्कृत विद्वानों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल देते हुए दीपक कुमार ने सुझाव दिया कि डीडी न्यूज़ योग्य संस्कृत विद्यार्थियों को समाचार वाचक, संवाददाता, संपादक, निर्माता और कंटेंट क्रिएटर के रूप में अवसर प्रदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि इससे संस्कृत पत्रकारिता एवं मीडिया के क्षेत्र में युवाओं को आकर्षित करने के साथ-साथ व्यापक समाज में संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार को नई गति मिलेगी।
आचार्य दिनेश चन्द्र जोशी के योगदान का उल्लेख
दीपक कुमार ने नैनीताल जनपद के आचार्य श्री दिनेश चन्द्र जोशी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड में संस्कृत को द्वितीय राजभाषा का दर्जा दिलाने में उनका ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में डाक विभाग द्वारा उनके सम्मान में एक स्मारक डाक टिकट जारी किया गया है और भारत सरकार 11 अप्रैल 2026 से 11 अप्रैल 2027 तक उनकी जन्मशती वर्ष का आयोजन कर रही है।
संस्कृत विद्वानों की निर्देशिका तैयार करेगी राज्य सरकार
संस्कृत शिक्षा सचिव ने बताया कि उत्तराखण्ड सरकार राज्य के संस्कृत विद्वानों की एक व्यापक निर्देशिका तैयार कर रही है। इसमें शतायु एवं वरिष्ठ विद्वानों को भी सम्मिलित किया जाएगा, जिन्होंने संस्कृत साहित्य और संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।


More Stories
उत्तराखंड में संस्कृत के प्रचार-प्रसार को लेकर केंद्र सरकार के सचिवों से मिले संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक कुमार
लालढांग–चिल्लरखाल रोड निर्माण का मार्ग हुआ प्रशस्त, वन विभाग ने लोक निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था किया नामित
10 जुलाई को भी मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का रेड अलर्ट, देहरादून समेत हरिद्वार,नैनीताल,पौड़ी के सभी स्कूलों में रहेगा अवकाश