ज्योर्तिमठ । बद्रीनाथ धाम के मुख्य प्रवेश द्वार चुंगी (सिंहधार वार्ड) पर वर्षों से जमा कूड़े के ढेर को हटाने की मांग अब तेज हो गई है। शनिवार को सिंहधार वार्ड की महिलाओं ने बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एकत्र होकर डंपिंग जोन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी नाराजगी जताई। गौरतलब है कि वर्ष 1995 से इसी स्थान पर नगर का कूड़ा डंप किया जा रहा था, जिससे स्थानीय निवासियों को दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बना रहता है। हालांकि, नगर पालिका ने इस वर्ष जनवरी से विष्णुप्रयाग पैदल मार्ग पर नया डंपिंग जोन शुरू कर दिया है, लेकिन पुराने स्थान से अभी तक कूड़े का अंबार पूरी तरह नहीं हटा है।
प्रदर्शन में शामिल स्थानीय निवासी कमला देवी, नंदी देवी का कहना है कि लंबे समय से इस कूड़े के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है; नगर पालिका को अपने वादे के अनुसार इस स्थान को अविलंब खाली कर डंपिंग यार्ड को पूरी तरह बंद करना चाहिए। वहीं, इस मामले में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुनील पुरोहित ने आश्वासन दिया है कि अगले तीन से चार दिनों के भीतर इस पूरे इलाके से कूड़े का निस्तारण कर इसे पूरी तरह खाली कर दिया जाएगा। इस कदम से न केवल स्थानीय जनता को राहत मिलेगी, बल्कि आगामी चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को भी स्वच्छ वातावरण मिलेगा और नगर की सफाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

More Stories
सादगी, अनुशासन और कार्यकुशलता की मिसाल डीडीओ मनविंदर कौर का हुआ रुद्रप्रयाग स्थानान्तरण, विकास भवन में अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी भावभीनी विदाई
अतुल शाह के भाजपा में शामिल होने से बदरीनाथ सीट पर बढ़ीं सियासी चर्चाएं
ऑपरेशन प्रहार : अवैध स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार