बागेश्वर : जिलाधिकारी आशीष भटगाईं ने बुधवार प्रातःकाल लगभग 7:00 बजे तहसील कपकोट में स्थित आपातकालीन आपदा परिचालन केंद्र, तहसील स्तरीय आपदा नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण कर आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जानकारी लेते हुए रिस्पांस टाइम, स्टाफ की उपस्थिति, और संचालन प्रणाली की तत्परता को परखा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने PMGSY, लोक निर्माण विभाग (PWD), NDRF और SDRF की टीमों को तत्काल केंद्र पर तलब कर उनकी त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का भी परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी मशीनरी, जनशक्ति और संसाधनों को पूर्ण रूप से सक्रिय रखते हुए आगामी किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहें।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने भानी-हर्सिंग्या-बगड़ क्षेत्र का दौरा किया, जहां भूस्खलन के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया था। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि सड़कों की तत्काल सफाई और पुनः चालू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय लोगों और आवश्यक सेवाओं को कोई असुविधा न हो। ईई लोनिवि अमित कुमार पटेल ने बताया कि आज शाम तक मार्ग को साफ कर दिया जाएगा।
निरीक्षण के अंतिम चरण में जिलाधिकारी आशीष भटगाईं ने केदारेश्वर मैदान स्थित NDRF कंट्रोल सेंटर का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने NDRF के तैनात अधिकारियों से बातचीत कर उनकी तैनाती स्थिति, उपकरण उपलब्धता, संचार प्रणाली, और अन्य लॉजिस्टिक जरूरतों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान NDRF इंस्पेक्टर कपिल अहलावत ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उनकी टीम किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। आवश्यक उपकरण जैसे लाइफ सेफ्टी किट, रेस्क्यू टूल्स, संचार साधन एवं मेडिकल सहायता की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। टीम द्वारा नियमित मॉक ड्रिल्स की जा रही हैं ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके। वर्तमान में NDRF टीम मानव जीवन की रक्षा और राहत कार्यों के लिए पूरी तरह सक्षम और अलर्ट मोड में है। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी कपकोट अनिल सिंह रावत, पीएमजीएसवाई अम्बरीष रावत, तहसीलदार कपकोट जितेन्द्र जोशी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूर्णतः सतर्क एवं मुस्तैद है। सभी विभागों को समन्वय से कार्य करने और जन-सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।


More Stories
चन्द्र ग्रहण के चलते 03 मार्च को बदरी-केदार समिति के मंदिरों की पूजा व्यवस्था में बदलाव
सेल्फी लेना पड़ा भारी : खाई में गिरने से युवक की मौत, दोस्तों के साथ घूमने गया था छात्र
ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, शार्दुल थपलियाल को स्वर्ण और आयुष भट्ट को कांस्य पदक