3 March 2026

चमोली : प्रथम चरण के दूरस्थ क्षेत्रों की पोलिंग पार्टियां रवाना

गोपेश्वर (चमोली)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चमोली जिले में 24 जुलाई को होने वाले प्रथम चरण के दूरस्थ क्षेत्र में मतदान स्थलों के लिए सोमवार को पांच पोलिंग पार्टियां रवाना हो है। मंगलवार और बुधवार को शेष पोलिंग पार्टियां रवाना होगी। इस बार पोलिंग पार्टियों में एसडीआरएफ के जवानों की भी शामिल किया गया।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत प्रथम चरण की मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से दूरस्थ क्षेत्र के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया है। जिले में हो रही बारिश और पोलिंग पार्टी की सुरक्षा को देखते हुए दल के साथ एसडीआरएफ के जवानों की तैनाती भी की गई है।

प्रथम चरण के लिए कुल 258 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाना है। इसके लिए सोमवार को जोशीमठ विकासखंड के पांच दूरस्थ मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को जोशीमठ से रवाना किया गया। जिले में मौसम के चलते आपदा की संभावनाओं को देखते हुए द्रोणागिरी, भर्की, भेंटा, डुमक और गंणाई मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया है। मंगलवार को 79 और बुधवार को 174 पोलिंग पार्टियों को विभिन्न ब्लॉक मुख्यालयों से रवाना किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि जनपद में प्रथम चरण के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूर्ण की जा चुकी हैं। जनपद में मौसम की स्थिति को देखते हुए पांच पोलिंग पार्टियों को मतदेय स्थल के लिए रवाना कर दिया गया है जबकि अन्य टीमों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रवाना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पोलिंग पार्टियों की सुरक्षा को देखते हुए दल में एसडीआरएफ के जवानों की तैनाती की गई है। सभी रिटर्निंग अफिसरों को पोलिंग पार्टियों को समय से सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

You may have missed