23 April 2026

डीएम गौरव कुमार ने आपदा प्रभावितों के साथ मनाई दीपावली, दिया हर संभव मदद का भरोसा

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने दीपावली के मौके पर आपदा प्रभावितों की सुध ली। इस दौरान उन्होंने प्रभावितों को हालचाल जानकर ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने दीपावली के मौके पर नंदानगर ब्लॉक के आपदा प्रभावित फाली लगा कुंतरी, भैसवाड़ा और धुर्मा गांवों में पहुंचकर आपदा प्रभावितों की सुध  ली। इस दौरान उन्होंने प्रभावितों का हालचाल जाना और सरकार तथा प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया।

आपदा प्रभावितों की समस्याओं को सुनकर जल्द निस्तारण का भरोसा देते हुए आपदा प्रबंधन अधिकारी को उन्होंने आपदा में मानकों के चलते योजनाओं के लाभ से वंचित प्रभावित ग्रामीणों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की ओर से अनियमित पेयजल आपूर्ति की शिकायत पर डीएम ने मौके पर ही जल संस्थान के अधिकारियों को पेयजल की आपूर्ति सुचारू करने को कहा। बाढ़ सुरक्षा को लेकर भी कार्रवाई करने का भरोसा प्रभावितों को दिया।

डीएम गौरव कुमार ने आपदा के दौरान घायल हुई सुनीता देवी, रघुवीर सिंह और सजिता देवी के घर जाकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने उप जिलाधिकारी को घायलों की घर ही जांच करवाने के निर्देश दिए। आपदा की मार झेल रही गीता देवी की आर्थिक स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन अधिकारी को समाज कल्याण अधिकारी से समन्वय स्थापित कर पेंशन योजना का लाभ देने को कहा गया।

इस दौरान डीएम ने 87 आपदा प्रभावित को कम्बल वितरित किए। उन्होंने आपदा प्रभावितों से रू-ब-रू होते हुए कहा कि सरकार की ओर से आपदा क्षेत्रों में जन जीवन सामान्य करने के लिए पैदल व सड़क मार्गों का सुधारीकरण, पेयजल व विद्युत लाइनों की मरम्मत के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों को जल्द आपदा से क्षतिग्रस्त रास्तों के सुधारीकरण का भी भरोसा दिया। इस दौरान चमोली के उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी, जल संस्थान के यशवीर सिंह समेत अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर जिलाधिकारी के निर्देश पर थराली के उप जिलाधिकारी अबरार अहमद और कर्णप्रयाग के उप जिलाधिकारी सोहन सिंह रांगड ने थराली ब्लॉक के चेपडों और थराली के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां आपदा प्रभावित ग्रामीणों से मिलकर उनका हालचाल जाना और सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान 27 आपदा प्रभावितों को कम्बल वितरित भी किए गए।

 

You may have missed