गोपेश्वर (चमोली)। कर्णप्रयाग ब्लाॅक की ग्राम पंचायत थिरपाक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की वर्ष 2026 की लाभार्थी सूची को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्राम प्रधान कामिनी देवी ने मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सूची पर तत्काल रोक लगाने तथा पुनः स्थलीय सत्यापन कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्ष 2026 के लिए ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 13 आवास स्वीकृत किए गए हैं, लेकिन पात्रता रखने वाले चार परिवारों के नाम अंतिम सूची से हटा दिए गए। आरोप लगाया गया है कि सर्वे के दौरान गलत आंकड़े दर्ज किए गए। इससे वास्तविक पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित हो गए हैं।
ग्राम प्रधान कामिनी देवी का कहना है कि वर्तमान सूची में त्रुटियां हैं और इससे पूरे गांव में असंतोष का माहौल है। उन्होंने मांग की है कि वर्तमान सूची पर तत्काल रोक लगाकर संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में गांव में दोबारा स्थलीय सत्यापन कराया जाए और उसके बाद संशोधित सूची जारी कर वास्तविक पात्रों को योजना का लाभ दिया जाए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस वर्ष चयनित 13 लाभार्थियों में अनुसूचित जाति वर्ग का एक भी परिवार शामिल नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर पात्र परिवारों के साथ न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है।

More Stories
पात्र बुजुर्गों को पेंशन का लाभ दिलाने के लिए सितंबर में चलेगा विशेष अभियान
बिना नक्शे निर्माण पर एमडीडीए का शिकंजा, ऋषिकेश में व्यावसायिक उपयोग के टिन शेड समेत तीन अवैध निर्माण सील
पशुपालन तथा गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के 101 नवनियुक्त कार्मिकों को मुख्यमंत्री ने प्रदान किए नियुक्ति पत्र