25 August 2026

भराड़ीसैंण : डीजीपी ने विषम परिस्थितियों में तैनात जवानों का बढ़ाया हौसला

भराड़ीसैंण (चमोली)। विधानसभा बजट सत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे पुलिस महानिदेशक (DGP) दीपम सेठ ने भराड़ीसैंण की विषम भौगोलिक परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे पुलिस बल के साथ सीधा संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया। डीजीपी ने जिला पुलिस, पीएसी, एसडीआरएफ, फायर और अभिसूचना इकाई के अधिकारियों व कर्मचारियों से ‘वन-टू-वन’ चर्चा करते हुए ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों और व्यवस्थाओं पर महत्वपूर्ण फीडबैक लिया। उन्होंने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि प्रदर्शन जैसी संवेदनशील स्थितियों के बावजूद पुलिसकर्मी अनुशासित रहकर कार्य कर रहे हैं, जो काबिले तारीफ है। इस दौरान जवानों ने अपनी निजी, पारिवारिक, स्वास्थ्य और पोस्टिंग से जुड़ी समस्याओं को भी महानिदेशक के सम्मुख रखा, जिस पर उन्होंने त्वरित निस्तारण का भरोसा दिलाया। साथ ही, डीजीपी ने पुलिसकर्मियों की दक्षता बढ़ाने के लिए उनकी रुचि के अनुसार विशेष प्रशिक्षण और कोर्स कराने की बात कही, ताकि भविष्य की कार्ययोजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

You may have missed