मऊ : जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर कुसुम्हा बशारतपुर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में जा रहे ट्रेलर से भिड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र के रानीडीहा निवासी विनय श्रीवास्तव (60) अपनी बेटी की शादी के लिए झारखंड के रांची गए थे। विवाह के बाद वह पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (58) और बेटे कृतार्थ श्रीवास्तव (27) के साथ स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे। वाहन बिहार के गया निवासी चालक पुरुषोत्तम (47) चला रहा था, जबकि दूसरा चालक नितीश (46) भी साथ में मौजूद था।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 2:30 बजे कुसुम्हा बशारतपुर के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर दूसरी लेन में जाकर ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी सवार उसमें फंस गए।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह और थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वाहन को काटकर सुबह पांच बजे सभी शवों को बाहर निकाला।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। इस हृदयविदारक हादसे से मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

More Stories
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस की रही धूम
मुंबई में उत्तराखंड का लघु रूप, कौथिग 2026 के 17वें संस्करण का भव्य आगाज़
उत्तराखंड में बड़ी पहल, अब गांव में मिलेगी डोरस्टेप बैंकिंग सुविधा, डिजिटल वित्तीय समावेशन से जुड़ेंगी ग्रामीण महिलाएं